MENU

वाराणसी जिला पंचायत को पूनम मौर्या के रुप में मिलीं 11वीं अध्यक्ष



 30/Jun/21

जिला पंचायत के अध्यक्ष पद पर 26 जून को भाजपा से पूनम मौर्या और सपा से चंदा यादव ने दावेदारी नामांकन दाखिल किया था। उसी दिन नामांकन पत्रों की जांच में चंदा यादव का पर्चा नोटरी सम्बंधित गड़बड़ी के आधार पर खारिज हो गया था। इसके बाद पूनम का निर्विरोध निर्वाचन तय था। केवल औपचारिक घोषणा बाकी थी।

जिला पंचायत अध्यक्ष पद भाजपा प्रत्याशी पूनम मौर्या निर्विरोध निर्वाचित हुईं। नाम वापसी के लिए तीन बजे तक का समय था। मंगलवार को जिला रायफल क्लब में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एडीएम प्रशासन रणविजय सिंह ने उन्हें निर्विरोध निर्वाचन का प्रमाण पत्र दिया। नामांकन वाले दिन ही पूनम मौर्या का निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया था। केवल औपचारिकता मात्र बची थी।

मंगलवार को नाम वापसी के दिन अपराह्न साढ़े तीन बजे भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष व एमएलसी लक्ष्मण आचार्य, विधायक डॉ. अवधेश सिंह व सुरेन्द्र नारायण सिंह, भाजपा के जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. सुजीत सिंह, पूर्व जिला पंचायत सदस्य कुंवर वीरेंद्र, प्रवीण सिंह गौतम, संजय सोनकर, देवेन्द्र प्रताप सिंह, जगदीश त्रिपाठी के साथ पूनम मौर्या जुलूस के रूप में रायफल क्लब पहुंचीं। वहां करीब सवा घंटे इंतजार के बाद पौने पांच बजे प्रमाणपत्र दिया गया। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि जिला पंचायत अध्यक्ष पद की निर्वाचन प्रक्रिया समाप्त हो गई है लेकिन तीन जुलाई तक आचार संहिता जारी रहेगी। नए अध्यक्ष के लिए काफी सारी चुनौतियां होंगी जिसमें सबसे अधिक चुनौती अपूर्ण कार्यों को पूरा कराना होगा। ठेकेदारों के कार्यों के बकाया धनराशि को जारी करना। मजबूत विपक्ष के रूप में सपा, कांग्रेस, बसपा के सदस्य होंगे। जीत का प्रमाणपत्र मिलने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष पूनम मौर्य और जनप्रतिनिधियों को माला पहनाकर अभिनंदन किया। फिर रायफल क्लब से सर्किट हाउस तक नरेंद्र मोदी और योगी आदित्यनाथ जिंदाबाद के नारे लगाते पहुंचे। जिला पंचायत की नवनिर्वाचित अध्यक्ष पूनम मौर्या ने कहा कि उनका उद्देश्य पक्ष व विपक्ष को साथ लेकर चलना है। यह भाव पूरे पांच साल तक बना रहेगा। भाजपा सरकार भी इसी में विश्वास रखती है। बदले की भावना से काम नहीं होगा। अब सभी लोग हमारे हैं। सभी सदस्यों के सुझाव व प्रस्ताव लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मैं खुद क्षेत्र का दौरा कर लोगों की समस्याओं से रूबरु होऊंगी। बोलीं, नई जिला पंचायत ऐतिहासिक होगी। केंद्र व प्रदेश सरकार की नीतियों पर विकास कार्यों को जिला पंचायत आगे बढ़ाएगा। पूर्व के कार्यकालों के अटके कार्यकाल पहले पूरा कराए जाएंगे।

 


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

4948


सबरंग