MENU

कांग्रेस कमेटी ने पूर्व सांसद श्रीमती चन्द्रा त्रिपाठी की पुण्यतिथि पर उन्हें किया याद



 08/Sep/20

अविभाजित जिला कांग्रेस कमेटी की पूर्व अध्यक्ष, लोकसभा चन्दौली की पूर्व सांसद, कार्यकर्ताओं की नेता, अग्रणी जनसेविका, अद्भुत संगठनकर्ता, लब्धप्रतिष्ठ समाज सेविका, जागरूक जन प्रतिनिधि और कुशल खेल प्रशासक स्वर्गीया श्रीमती चन्द्रा त्रिपाठी की 31वीं पुण्यतिथि पर ईगलिसियालाईन स्थित पंडित कमलापति त्रिपाठी फाउन्डेशन कार्यालय में एक गोष्ठी का आयोजन करके कांग्रेस जनों द्वारा श्रध्दासुमन अर्पित किया गया।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व उपाध्यक्ष और स्व0 चन्द्रा त्रिपाठी के साथ काम कर चुके विजय शंकर पाण्डेय की अध्यक्षता में सम्पन्न गोष्ठी में वक्ताओं ने स्वर्गीया चन्द्रा जी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि दृढ़ इच्छाशक्ति और जुझारू तेवर चंद्रा जी के व्यक्तित्व का अहम् हिस्सा था, कांग्रेस कार्यकर्ताओं के हितों की रक्षा के लिये वो हर तरह के संघर्ष के लिये हमेशा तत्पर रहने वाली एक बहादुर नेत्री थीं, 22 ब्लाकों वाले अविभाजित वाराणसी जनपद में जिस प्रकार से उन्होंने कांग्रेस संगठन का संचालन किया वो उनके कुशल संगठनकर्ता होने का ऐतिहासिक प्रमाण है, अपने स्वसुर पूज्य पंडित कमलापति त्रिपाठी जी से अनुप्राणित होकर वे उनके कार्यक्षेत्र चन्दौली लोकसभा के संसद सदस्य चुनी गयीं और वहां के जन प्रतिनिधि के रूप में उन्होंने अपने निर्वाचन क्षेत्र में कई ऐसे विकास कार्यों की नींव रखवाया जो इस क्षेत्र के विकास के लिये नींव के पत्थर के रूप में आज भी जाने जाते हैं। उन्होंने अखिल भारतीय महिला क्रिकेट बोर्ड की अध्यक्ष और कई बड़े खेल आयोजनों का दायित्व निर्वाह करके एक कुशल खेल प्रशासक के रुप में भी कीर्ति अर्जित किया था। उनके जैसे व्यक्तित्व वाला नेता आज ढूँढे से मिलना सम्भव नही है। उनकी वाकपटुता, शैली और राजनीतिक पकड़ के कायल स्वयं पूज्य पंडित जी एवं आपके पति पंडित लोकपति जी भी थे। एक चुनाव में पूर्वांचल की पांच संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस ने पांच महिलाओं को उतारा था जिनमे एकमात्र चंद्रा जी ने अपने प्रतिद्वंद्वी को 51 हजार से अधिक मतों से हरा कर अपनी राजनीतिक सूझबूझ साबित की थी। गोष्ठी का आरंभ स्व. चंद्रा त्रिपाठी जी की सुपुत्री सुश्री अंजली त्रिपाठी ने उनके तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया एवं विचार गोष्ठी का संचालन उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी आरटीआई सेल के पूर्व चेयरमैन बैजनाथ सिंह ने किया।

श्रद्धाजंलि गोष्ठी में प्रमुख रूप से कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष प्रजानाथ शर्मा, पूर्व शहर अध्यक्ष विजयशंकर मेहता, छावनी परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह, सेन्ट्रल बार के पूर्व अध्यक्ष राधेलाल श्रीवास्तव, पी0सी0सी0 सदस्य भूपेन्द्र प्रताप सिंह, जिला कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष राकेश चन्द्र शर्मा, जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व महामंत्री अशोक कुमार पाण्डेय, पूर्व महासचिव देवेन्द्र सिंह, विनोद कुमार सिंह कल्लू, बृजेन्द्र लाल श्रीवास्तव, सचिव अशोक सिंह, आनन्द शुक्ला, विपिन मेहता, पवन खन्ना, सुभाष राम, मोहम्मद अरशद एवं रवि पाठक आदि रहे।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

6532


सबरंग