MENU

कार्यकर्ताओं के तप और त्याग के बदौलत भाजपा बनी विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी : राधामोहन सिंह



 01/May/22

भारतीय जनता पार्टी वाराणसी महानगर के तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के प्रथम दिन के प्रथम सत्र का उद्घाटन करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के प्रभारी राधामोहन सिंह ने "भाजपा का इतिहास एवं विकास" विषय पर बोलते हुए कहा कि भाजपा का इतिहास देश के लाखों कार्यकर्ताओं का देश के लिए समर्पित जीवन का इतिहास है। कहा कि जन संघ से भाजपा तक की यात्रा में घर- घर दीप जलाए हैं एवं अटल जी का सपना " अंधेरा हटेगा, सूरज निकलेगा, कमल खिलेगा को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में पूरा किया जा रहा है। कहा कि कभी 2 सांसदों वाली पार्टी आज 300 से ज्यादा सांसदों वाली पार्टी बन गई है।

राधा मोहन सिंह ने कहा कि भाजपा के इतिहास एवं विकास को तीन चरणों में विभाजित किया जा सकता है । प्रथम चरण में जनसंघ के रूप में, द्वितीय चरण में 1977 से लेकर 2004 के बीच गठबंधन की राजनीति में एक प्रमुख साझेदार के तौर पर और तीसरे चरण में 2014 में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एकल बहुमत वाली पार्टी के रूप में उभार । कहा कि भारतीय जनसंघ की स्थापना 1951 में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की अध्यक्षता में हुई। भारतीय जनसंघ का पहला सम्मेलन 19 से 31 दिसंबर तक कानपुर में हुआ। जनसंघ के इतिहास में सन् 1964 एक मील का पत्थर साबित हुआ। ग्वालियर में आयोजित अध्ययन शिविर में सिद्धांत और नीति के रूप में 'एकात्म मानववाद की अवधारणा को अपनाया गया था। कहा कि 1967 में चौथा आम चुनाव हुआ जिसमें जनसंघ कांग्रेस के बाद दूसरे नंबर की राजनीतिक पार्टी बनने में कामयाब हो गई थी। 1967 में कालीकट में आयोजित जनसंघ के सम्मेलन में पण्डित दीनदयाल उपाध्याय को अध्यक्ष चुना गया था।
जिसमें दीनदयाल जी ने ऐतिहासिक अध्यक्षीय भाषण दिया। 11 फरवरी 1968 को दीनदयाल जी शहीद हुए। कहा कि 25 जून 1975 को आधी रात में देश में आपातकाल घोषित कर दिया गया। 1977 में देश में आम चुनाव हुए और जनसंघ का जनता पार्टी में विलय हो गया और 1977 में जनता पार्टी की सरकार बनी।लेकिन जनता पार्टी आपसी प्रतिद्वंदिता और सत्ता की शिकार हो गई। दोहरी सदस्यता के मुद्दे पर जनसंघ के नेताओं ने जनता पार्टी छोड़ी।

राधामोहन सिंह ने कहा कि 6 अप्रैल 1980 को भारतीय जनता पार्टी का पंचनिष्ठाओं के आधार पर गठन हुआ। 1984 के चुनाव में भाजपा की ताकत केवल दो सदस्य तक सीमित रही। कहा कि कृष्ण लाल शर्मा के नेतृत्व में एक कार्यदल गठित हुआ जिसने सिफारिश किया कि एकात्म मानववाद को फिर से पार्टी की मूल विचारधारा घोषित किया जाना चाहिए। 1989 में पालमपुर में आयोजित राष्ट्रीय कार्यकारिणी में राम जन्म भूमि आंदोलन का समर्थन करने का निर्णय लिया गया। जुलाई 1991 में उत्तर प्रदेश में हुए विधान सभा चुनाव में भाजपा विजयी हुई और कल्याण सिंह मुख्यमंत्री बने।
1996,98,99 में तीन लोकसभा चुनाव हुए जिसमें भाजपा सबसे बड़ी एकल पार्टी के रूप में ऊभरी जिसमें अटल विहारी बाजपेई 13 दिन,13 महीने, साढ़े 4 साल के लिए प्रधानमंत्री बने।

राधामोहन सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने 2004 से 2014 के दस सालों तक विपक्ष के रूप में सक्रिय भूमिका निभाई। 2014 में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पहली बार देश में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनी जो अब "सबका साथ सबका विकास की घोषणा के साथ एक शानदार भारत का निर्माण कर रही है। भाजपा 18 करोड़ सदस्यों के साथ दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी भी बन गई है। 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के नेतृत्व में एनडीए ने विजय पताका लहराई जिसमें अकेले भाजपा ने 303 सीटों पर जीत दर्ज की और एनडीए 353 सीट जीतकर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई। नरेंद्र मोदी ने दूसरी बार प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण कर देश की बागडोर संभाली। कहा कि भाजपा ने अपने दूसरे कार्यकाल के दौरान अपने सभी प्रमुख वादो को पूर्ण किया जिसमें अनुच्छेद 370 की समाप्ति, तीन तलाक पर प्रतिबंध और सर्वोच्च न्यायालय के आदेशानुसार अयोध्या में राम जन्मभूमि पर भव्य राममंदिर का निर्माण शामिल रहा। कहा कि जनसंघ एवं भाजपा का मिशन आज पीएम मोदी का मिशन है ।

भारतीय जनता पार्टी का मूल स्रोत है विचार परिवार : महेश चंद श्रीवास्तव

भारतीय जनता पार्टी वाराणसी, महानगर के तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के प्रथम दिन के दूसरे सत्र में "हमारा विचार परिवार" विषय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष महेश चंद श्रीवास्तव ने कहा कि भाजपा एक वैचारिक पार्टी है। भारतीय जनता पार्टी का मूल स्रोत है विचार परिवार, जिसे हम राष्ट्रीय स्वयंसेवक के नाम से जानते है। आज इस विचार धारा से जुड़े लोग देश और दुनिया का नेतृत्व कर रहे है। 1925 में डाॅ. हेडगेवार ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना की जिसका उद्देश्य संस्कृति, विरासत एवं परम्परा के माध्यम से भारत को परम वैभव पर ले जाना है। संघ ने शाखाओं के माध्यम से व्यक्ति निर्माण का कार्य किया । राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ ने समाज का समग्र विकास कैसे हो इसके चिंतन का कार्य किया।

क्षेत्रीय अध्यक्ष महेश चंद श्रीवास्तव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राजनैतिक क्षेत्र में कार्य करते हुए विशिष्ट विचारधारा को लेकर चल रही है। हमारे लिए राष्ट्र सर्वोपरि है। कहा कि अन्य पार्टियां जहां सिर्फ अपने परिवार की बात करती है वही भगवा झंडे को अपना सर्वस्व मानकर चलने वाली सिर्फ हमारी ही पार्टी है। हमारी जैसी विचारधारा न किसी पार्टी के पास है ना ही किसी देश के पास।

भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष ने आगे कहा कि हमारे विचार परिवार में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, राष्ट्रीय सेविका समिति, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, भारतीय जनसंघ, अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम, भारतीय मजदूर संघ, भारत विकास परिषद, विश्व हिंदू परिषद, अखिल भारतीय साहित्य परिषद, पं.दीनदयाल शोध संस्थान, भारतीय इतिहास लेखन संकलन समिति, भारतीय किसान संघ, संस्कार भारती, राष्ट्रीय सिक्ख संगत, विज्ञान भारती, स्वदेशी जागरण मंच, विद्या भारती, अखिल भारतीय अधिवक्ता परिषद आदि संगठन है जिसका एक मात्र ध्येय मां भारती को सर्वोच्च शिखर पर पहुंचाना है। जब हम अपनी विचारधारा के प्रति दृढ़ संकल्पित होते है तब उसे प्राप्त करना आसान हो जाता है।
मिडिया प्रबंधन की जिम्मेदारी नवरतन राठी ने निभाई।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

6397


सबरंग