MENU

नहीं रहे नेताजी : लंबी बीमारी से लड़ रहे मुलायम सिंह यादव ने ली अंतिम सांस



 10/Oct/22

सैफई ले जाया जा रहा मुलायम सिंह का पार्थिव शरीर, कल 3 बजे अंतिम संस्कार

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव का 82 वर्ष की उम्र में सोमवार को निधन हो गया, वह काफी समय से बीमार चल रहे थे। 26 सितंबर 2022 को चेकअप के लिए मुलायम सिंह यादव मेदांता गुरुग्राम पहुंचे थे, तब से वे आखिर तक वहीं भर्ती थे। 1 अक्टूबर की रात को उनको आईसीयू में शिफ्ट किया गया था। तबीयत ज्यादा खराब होने पर उनको गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान सुबह आठ बजकर 16 मिनट पर उन्होंने आखिरी सांस ली। नेता जी के निधन की सूचना मिलते ही सपा कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई है। मुलायम सिंह यादव के पार्थिव शरीर को अस्पताल से सीधे आज सैफई ले जाया जा रहा है, जहां उनका कल दोपहर तीन बजे अंतिम संस्कार होगा।

मुलायम सिंह यादव को पेट दर्द और पेशाब में संक्रमण था, तबीयत में सुधार होने के बाद उनको अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया। मुलायम सिंह यादव की तबीयत पहले भी कई बार बिगड़ गई थी, पिछले साल 1 जुलाई को भी उनको मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मेदांता में उनका इलाज डॉक्टर सुशीला कटारिया की देखरेख में चल रहा था। कल अंतिम विदाई के समय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मौजूद रहेंगे के साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मेंदाता अस्पताल पहुंचकर मुलायम सिंह को श्रद्धांजलि दी है।

वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात में एक रैली को संबोधित करते हुए मुलायम सिंह यादव को याद किया, उन्होंने कहा कि उनकी सलाह और आशीर्वाद मेरे लिए अमानत की तरह है। उनका निधन देश के लिए बड़ी क्षति है। पीएम मोदी ने कहा कि 2019 के चुनावों से पहले भी मुझे उनका आशीर्वाद मिला था, आज गुजरात की धरती से मैं उन्हें श्रद्धांजलि देता हूं। बता दें कि जुलाई में मुलायम सिंह यादव की पत्नी साधना गुप्ता का निधन हो गया था, वह फेफड़ों के संक्रमण और अन्य बीमारियों से पीड़ित थीं, उनका भी इलाज गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में चल रहा था। मेदांता में ही मुलायम ने भी आखिरी सांस ली है।

कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मुलायम सिंह के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने कहा कि समाजवादी विचारों की एक मुखर आवाज आज मौन हो गई। देश के रक्षा मंत्री और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में मुलायम सिंह जी का योगदान सदा अविस्मरणीय रहेगा। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने ट्वीट किया है मुलायम सिंह यादव जी का निधन एक बेहद दुःखद समाचार है। वो जमीनी राजनीति से जुड़े एक सच्चे योद्धा थे, मैं अखिलेश यादव समेत सभी शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।

सपा नेता व मुलायम सिंह यादव के छोटे भाई रामगोपाल यादव ने कहा कि नेताजी हर दल के नेता थे हमें लग रहा था कि वह अस्पताल से ठीक होकर घर लौट आएंगे। उन्होंने हमेशा गरीबों और पिछड़ों की मदद की थी।

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मुलायम सिंह के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने एक शोक संदेश में कहा है कि यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव अपने पीछे काम और सेवा की एक विशाल विरासत छोड़ गए हैं, उनके निधन से राजनीति के एक प्रमुख स्तंभ एवं एक संघर्षशील युग का अंत हुआ है। राज्यपाल ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की है, वहीं, यूपी के सीएम योगी ने मुलायम के निधन पर संवेदना जताई है।

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने दुख जताते हुए कहा कि उनके छोटे बेटे तेजस्वी यादव कल सैफई जाएंगे। लालू प्रसाद ने ट्वीट किया, समाजवादी वटवृक्ष सपा संरक्षक आदरणीय मुलायम सिंह जी के निधन की खबर से मर्माहत हूं। देश की राजनीति में एवं वंचितों को अग्रिम पंक्ति में लाने में उनका अतुलनीय योगदान रहा। उनकी यादें जुड़ी रहेंगी, ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें. विनम्र श्रद्धांजलि।  बिहार सरकार ने एक दिन का राजकीय शोक घोषित किया है।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

1786


सबरंग