MENU

प्रथम सब-जूनियर उत्तर भारतीय रॉलबाल प्रतियोगिता का वाराणसी में होगा आयोजन



 07/Jun/23

वाराणसी। भारतीय रॉलबाल संघ के तत्वाधान में रोल बाल खेल संघ उत्तर प्रदेश द्वारा कोइराजपुर स्थित संत अतुलानंद कान्वेन्ट स्कूल में 9 से 10 जून को प्रथम सब-जूनियर उत्तर भारतीय रॉलबाल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। ये बाते प्रतियोगिता के आयोजन चेयरमैन राहुल सिंह ने बासफाटक स्थित जालान सिंथेटिक में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में जम्मू कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, चंडीगढ़, उत्तराखंड व् उत्तर प्रदेश राज्यों की 16 टीमें बालक व् बालिका वर्ग में प्रतिभाग करेंगी। चेयरमैन राहुल सिंह ने बताया सभी खिलाड़ियों व अधिकारियों का रहने का इंतजाम स्कूल परिसर के छात्रावास में किया गया है। सभी मैच दिन व रात में दूधिया रोशनी में करवाए जाएंगे। कार्यक्रम अध्यक्ष केशव जालान ने बताया कि वाराणसी में पहली बार रॉलबाल की उत्तर भारतीय स्तर की प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में सभी राज्यों से 180 से ज्यादा खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। सभी खिलाड़ी 8 जून को काशी की ऐतिहासिक नगरी में पहुंच जाएंगे।

प्रदेश सचिव संतोष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि इस प्रतियोगिता का आयोजन उस समय हो रहा है जब इस वर्ष गोवा में आयोजित की जाने वाली 37 वीं राष्ट्रीय खेल 2023 में पहली बार रॉलबाल को शामिल किया गया है। इस आयोजन में प्रदेश के सभी खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा।

आयोजन सचिव सुनीता गुप्ता ने बताया कि प्रतियोगिता की सारी तैयारियां की जा चुकी है। आयोजन समिति में आर. के पांडे, बृजेश सिंह, एम भावना, विजय पांडे, आर बी मौर्य, विनोद व अन्य पिछले 15 दिन से प्रतियोगिता को सफल बनाने हेतु दिन रात मेहनत कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश रोल बाल खेल संघ अध्यक्ष पायलट राकेश त्यागी ने आयोजन समिति की तैयारियों पर हर्ष व्यक्त किया व सबको प्रतियोगिता के सफल आयोजन की शुभकामनाएं दी।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

7179


सबरंग