MENU

जैपुरिया बाबतपुर के  बच्चों ने उत्तर प्रदेश विधानसभा का किया शैक्षणिक भ्रमण, विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने समझायी कार्यशैली



 28/Aug/23

राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के साथ हुआ वर्चुअल फोटोग्राफ

सेठ एम.आर.जैपुरिया स्कूल्स बनारस के बाबतपुर कैम्पस के 19 सदस्यीय छात्रछात्राओं के समूह ने लखनऊ स्थित उत्तर प्रदेश विधानसभा का भ्रमण किया अध्यक्ष सतीश महाना से मुलाकात की उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा इसी माह प्रारम्भ कियेये विधानसभा शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम के अन्तर्गत राज्य के विभिन्न विद्यालयों व कॉलेजों को विधानसभा भ्रमण का अवसर प्रदान किया जा रहा है जिससे छात्र-छात्राएं विधानसभा की कार्यविधि को नजदीक से समझ सके। इस क्रम में प्रदेश के पहले विद्यालय के रुप में सेठ एम.आर. जैपुरिया स्कूल्स बनारस बाबतपुर कैम्पस के छात्र-छात्रा इस कार्यक्रम का हिस्सा बने और इस अद्भुत अनुभव का लाभ उठाया। सर्वप्रथम लखनऊ के हजरतगंज क्षेत्र में स्थित विधानसभा भवन पहुंचने पर अधिकारियों ने छात्र–छात्राओं व शिक्षकों का स्वागत किया और दस्तावेजी औपचारिकताओं के बाद पूरे परिसर का भ्रमण कराया।

छात्र–छात्राओं के विधानसभा भ्रमण हेतु सरकार द्वारा सुंदर तरीके से परम्परागत व अत्याधुनिक व्यवस्थाएं नियोजित की गई हैं और टूर गाइड के मार्गदर्शन में लगभग दो घण्टे के दौरान समस्त प्रकार की जानकारियां प्रदान की। विभिन्न विभागों एवं कार्यक्षेत्रों के अधिकारियों ने भी अपनी कार्यविधि और उसकी उपयोगिता पर प्रकाश डाला।

विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने इस विशेष शैक्षणिक भ्रमण का प्रथम स्कूल होने के लिए सेठ एम.आर. जैपुरिया स्कूल्स बनारस के बाबतपुर कैम्पस के छात्र–छात्राओं को बधाई दी और उनसे लोकतंत्र, विधानसभा और इसके महत्व पर चर्चा की। विधानसभा अध्यक्ष ने मन लगा कर पढ़ने और जीवन में आगे बढ़ते हुए राष्ट्र की सेवा हेतु प्रेरित किया।                     

विद्यालय के छात्रछात्राओं के साथ बातचीत करते हुए अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि बचपन और युवाकाल संस्कार व समझ के लिए सही उम्र होती है। और छात्र – छात्राओं का राष्ट्र गौरव, लोकतंत्र व विधायिका के बारे में जानना व समझना भविष्य के लिए अच्छा संकेत है। भ्रमण के दौरान छात्र-छात्राओं को विधानसभा सौंध ले जाया गया, जहां आगन्तुक दीर्घा से उन्हें विधानसभा अध्यक्ष, मुख्यमंत्री व अन्य लोगों के बैठने का स्थान व कार्यवाही से जुड़ी जानकारियां प्रदान की गई। इस विशेष शैक्षणिक भ्रमण में बच्चों ने फ्लिप बुक के जरिये विधानसभा का वर्चुअल टूर भी किया एवं विधानसभा के इतिहास एवं अलग – अलग कार्यस्थलों के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की।

छात्र–छात्राओं ने विधानसभा में स्थित विशाल पुस्तकालय (विधान) का भी दौरा किया जिसमें बच्चों ने 6 श्रेणियों में बनाए गए भव्य पुस्तकालय में प्रशासन व प्रकाशन अनुभाग, कम्प्यूटर सेंटर, विधानसभा कार्यवाही अनुभाग, अंग्रेजी, उर्दू, हिंदी एवं प्रेस विभाग और न्यूज क्लिपिंग सेक्शन को देखा। बच्चों ने इस लाइब्रेरी में स्वतंत्रता के बाद से अब तक हुए सदन की समस्त कार्यवाही के लेखा जोखा का विवरण भी देखा।

इसके बाद विधानसभा में विशेष रुप से तैयार किये गए कक्ष में ले जाया गया जहां छात्र – छात्राओं ने वर्चुअल हेलिकॉप्टर राइड के माध्यम से अयोध्या, प्रयागराज, लखनऊ एवं वाराणसी का डिजिटल भ्रमण किया और इन शहरों के प्रमुख स्थलों, गतिविधियों और सांस्कृतिक महत्व को जाना।

विधानसभा के अन्तर्गत स्थापित विशेष बहुआयामी कक्ष में देश की प्रमुख हस्तियों के साथ डिजिटल फोटोग्राफी की सुंदर व्यवस्था की गई थी, जहां छात्र–छात्राओं ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं उत्तर प्रदेश के अन्य पूर्व मुख्यमंत्रियों की थ्रीडी इमेज के साथ समूह फोटो खिंचवायी।

विद्यालय के चेयरमैन दीपक कुमार बजाज ने इस भ्रमण पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि सेठ एम. आर. जैपुरिया स्कूल सदैव ही बच्चों के सर्वांगीण विकास को महत्व देता आया है और भविष्य में भी बच्चों के लिए इस प्रकार की रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाती रहेंगी।

अपने अनुभव साझा करते हुए छात्रा गरिमा अग्रवाल ने बताया कि इस शैक्षणिक भ्रमण का अनुभव काफी शानदार रहा। इसमें हमें विधानसभा का वर्चुअल भ्रमण कराया गया एवं सभी पार्टियों के बैठने की जगह व वीडियो के माध्यम से यूपी के लोकतांत्रिक इतिहास के बारे में विस्तार से समझाया गया। रिया चौरसिया के अनुसार इस भ्रमण का अनुभव अलग रहा है। विधानसभा को अभी तक टेलिविजन पर ही देखा था पर वास्तव में यह बहुत सुंदर और भव्य है। सबसे खूबसूरत इसका पुस्तकालय क्षेत्र रहा जहां हमने ऐतिहासिक महत्व और विशेष जानकारी की पुस्तके एवं अन्य सामग्रियां देखी। आयुष तिवारी ने कहा कि यह मेरे जीवन का यादगार पल रहा कि इस शैक्षणिक भ्रमण में विधानसभा घूमने और अध्यक्ष सतीश महाना से मिलने का मौका मिला।

सत्य अग्रवाल ने भी इसे एक रोमांचक यात्रा बताया और कहा कि इस भ्रमण के दौरान कई नई चीजें जानने सीखने और समझने का अनुभव मिला। लाइब्रेरी में दशकों पुराने अखबारीं को पलटना अपने आप में एक अनूठा अनुभव रहा।

कार्यक्रम का संयोजन विद्यालय की प्रधानाचार्या सुधा सिंह के नेतृत्व में किया गया। इस भ्रमण में सेठ एम. आर. जैपुरिया स्कूल्स बनारस बाबतपुर कैम्पस के शिक्षक तौसीफ खान व गतिविधि समन्वयक रेशु सोलंकी के नेतृत्व में कक्षा 11 के भव्या राय, ईशान मौर्या, आयुष तिवारी, स्नेहा मिश्रा, सिद्धार्थ सिंह, अन्विका सिंह, आयुषी सिंह व अन्य छात्र – छात्राओं ने इस शैक्षणिक भ्रमण में भाग लिया।

इस अवसर पर प्रबंध निदेशक मनोज कुमार बजाज, अधिशासी निदेशक श्याम सुंदर बजाज, निदेशक अनिल के. जाजोदिया, आयुष्मान बजाज, राधिका बजाज, शैक्षणिक प्रबंधक नरेन्द्र पाण्डेय ने भी अपनी बधाइयां व शुभकामनाएं ज्ञापित की।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

7341


सबरंग