नारी शक्ति वंदन अधिनियम ने इस बार दुर्गा पूजा के उत्सव को और कई गुना बढ़ा दिया है: पीएम
पुलिस लाइन से रुद्राक्ष तक आधी आबादी में डमरु, शंखनाद, ढोल, ताशा के बीच पुष्प वर्षा कर पीएम मोदी का किया स्वागत
*पीएम मोदी ने अपने संसदीय क्षेत्र की प्रबुद्ध वर्ग की 5000 से अधिक महिलाओं से किया संवाद
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने एक दिवसीय वाराणसी दौरे के दौरान शनिवार को सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित 'नारी शक्ति वंदन-अभिनंदन' कार्यक्रम में महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि तीन दशकों से यह कानून लटका हुआ था। लेकिन आज ये आपकी ही ताकत है कि संसद के दोनों सदनों में ऐसी-ऐसी पार्टियों को इसका समर्थन करना पड़ा, जो पहले इसका भरपूर विरोध करते थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि संसद में नारी शक्ति वंदन जैसा ऐतिहासिक कानून पास होने के बाद मैं सबसे पहले काशी में आप सबका आशीर्वाद लेने आया हूं। ये मेरा सौभाग्य है कि इतनी बड़ी संख्या में आप हमें आशीर्वाद दे रही हैं। उन्होंने कहा कि कुछ ही समय में दुर्गा पूजा का उत्सव शुरू होने वाला है। नारी शक्ति वंदन अधिनियिम ने इस बार दुर्गा पूजा के उत्साह को और भी कई गुना बढ़ा दिया है। इस कानून से देश के महिला विकास के लिए रास्ते खुलेंगे, लोकसभा और विधान विधान में महिलाओं की उपलब्धि बढ़ेगी। इसके लिए देश भर की माताओं-बहनों को उन्होंने काशी की पवित्र धरती से बधाई दी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि हमारा देश शुरू से पुरुष प्रधान रहा है। लेकिन जब से हमारी सरकार बनी है। खेल के मैदान से लेकर राफेल उड़ाने तक महिलाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिला है। उन्होंने कहा कि हमने मुद्रा योजना शुरू की। इसका सबसे ज्यादा फायदा महिलाओं को मिला। जितने भी छोटे-बड़े उद्योग जो बंद होने थे, उन्हें फिर से गति मिली है। महिलाएं आज देश की तरक्की में भागीदारी निभा रही हैं। वे अपने हुनर से अपने इलाके में पहचान बना रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना महिलाओं के नाम पर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमें ऐसा समाज तैयार करना है, जिसमें किसी नारी को आगे बढ़ने के लिए किसी की भी जरूरत न पड़े। इसीलिये नारी शक्ति वंदन अधिनियम लाया गया है।उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि कुछ लोगों को वंदन शब्द से दिक्कत है। माताओं-बहनों का वंदन नहीं होगा तो किसका होगा। गौरतलब हैं कि लोकसभा और राज्यसभा से नारी शक्ति वंदन अधिनियम बिल पास होने के बाद वाराणसी पहुँचे प्रधानमंत्री का महिलाओं ने भव्य स्वागत और अभिनंदन किया।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि मां के समान कोई छाया नहीं मां के समान कोई सहारा नहीं, मां की समान कोई रक्षक नहीं और मां के समान कोई प्रिय नहीं हो सकता हैं। उन्होंने कहा कि विगत 9 वर्षों में पूरी दुनिया ने एक बदलते हुए भारत को देखा है। एक नया भारत, जो आज समग्र विकास के मार्ग पर अग्रसर हुआ है और नित्य नई बुलंदियों को छू रहा है। जी20 के सफलतम व अभूतपूर्व समिट के उपरांत इस कालखंड में चंद्रयान के चंद्रमा पर सफलता से लैंडिंग कार्यवाही, आदित्य एल-1 के सफलतम प्रक्षेपण के साथ ही नारी शक्ति वन्दनम अधिनियम के माध्यम से भारत की आधी आबादी के लिए व मातृशक्ति की सशक्तिकरण के लिए जिस एक महत्वपूर्ण कदम को उठाने के उपरांत संसद में पारित करने के पश्चात काशी आगमन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश व काशी की मातृशक्ति की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उनकी ही काशी में स्वागत किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में 2014 के उपरांत महिला सशक्तिकरण की दिशा में कई कदम उठाए गए हैं। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के उपरांत जो कार्य आगे बढ़ा है, वह मिशन इंद्रधनुष के माध्यम से बेटियों को पूरी तरह सुरक्षा का कवच उपलब्ध कराने का कार्य रहा हो या फिर देश के अलग-अलग प्रतिष्ठानों में माता-बेटियों को उचित सम्मान मिले की व्यवस्था का कार्य किया गया। अब तो प्रधानमंत्री ने पुख्ता व्यवस्था कर दी है, दुनिया की कोई ताकत नहीं रोक पाएगी देश के सांसद व प्रदेश के विधानसभाओं में एक तिहाई से अधिक बहने चुनकर जाएंगे। जो महिला सशक्तिकरण के एक नए अध्याय को बढ़ाने का कार्य करेंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज बहने प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ी है सेवा में फाइटर पायलट के रूप में इन्हें जो स्थान प्राप्त हो रहा है, वह किसी से छिपा नहीं है।
बताते चलें कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम बिल पास होने के पश्चात प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने संसदीय क्षेत्र के 5 हजार से अधिक प्रबुद्ध वर्ग की महिलाओं से सीधा संवाद किया। भाजपा महिला मोर्चा ने सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय एवं पुलिस लाइन से रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर के बीच विभिन्न प्वाइंट पर काशी के सांसद व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का भव्य स्वागत किया।
सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय पहुंचने पर सिर पर मंगल कलश एवं हाथों में दीपक लेकर 51 छात्राओं ने, 21 छात्राओं ने शंखनाद एवं विद्यालय की शिक्षिकाओं ने पुष्प वर्षा कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का भव्य स्वागत किया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व महिला मोर्चा की क्षेत्रीय अध्यक्ष नम्रता चौरसिया, पूजा दीक्षित,कुसुम पटेल पूजा पांडेय एवं नेहा कक्कड़ ने किया।
भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने पुलिस लाइन से रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर तक बने विभिन्न स्वागत प्वाइंट पर डमरु, शंखनाद, ढोल तासा एवं गुलाब की पंखुड़ियों की वर्षा कर पीएम मोदी का स्वागत किया।
पुलिस लाइन गेट पर अपराजिता सोनकर, पूजा सिंह एवं साधना सिंह के नेतृत्व में, सांस्कृतिक संकुल पर सुरेखा सिंह व साधना सिंह के नेतृत्व में,चौंका घाट सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय गेट पर पूजा पांडेय, अंजलि के नेतृत्व में, मलदहिया स्थित सरदार पटेल प्रतिमा के पास महिला मोर्चा की राष्ट्रीय सदस्य आयुषी श्रीमाली,पीहू दुबे, सरोज देवी एवं सिगरा स्थित शास्त्री पार्क(आईपी माल के सामने) सुनीता सिंह, प्रीति पुरोहित, रचना वर्मा के नेतृत्व में पीएम मोदी का भव्य स्वागत हुआ। इन सभी प्वाइंट पर प्वाइंट पर महिला मोर्चा की कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां (प्लेकार्ड) लेकर नारी शक्ति वंदन अधिनियम बिल पास होने की खुशी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार प्रकट किया। इन तख्तियों पर "नारी शक्ति का बढ़ाया मान, धन्यवाद है आपको श्रीमान, वेलकम पीएम सर, आदि स्लोगन लिखे थे।
इस अवसर पर क्षेत्र काशी के क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप सिंह पटेल, प्रदेश मंत्री मीना चौबे, क्षेत्रीय अध्यक्ष महिला मोर्चा नम्रता चौरसिया, महानगर अध्यक्ष कुसुम पटेल, निर्मला सिंह पटेल, डॉ रचना अग्रवाल, साधना वेदांती, गीता शास्त्री, नेहा कक्कड़ सहित प्रबुद्ध वर्ग महिलाएं उपस्थित रहीं।