MENU

मारकंडेय महादेव : श्रीराम शिवोत्सव में हंसराज रघुवंशी व मैथिली ठाकुर ने बांधा समां



 12/Feb/24

वाराणसी। गंगा और गोमती के संगम तट पर विराजमान श्रीमार्कण्‍डेय महादेव धाम में श्रीराम शिवोत्सव के तीन दिवसीय महोत्‍सव का रंगारंग शुभारंभ हथियामठ के महामंडलेश्वर पूज्य भवनीनंदन यती महाराज, एस. राजलिंगम, जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल, क्षेत्रीय संस्कृति अधिकारी डा. सुभाष चन्द्र यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। आदि गंगा गोमती और मां गंगा के संगम पर मार्कण्डेय महादेव धाम में मां गंगा के पवन तट पर भक्ति की गंगा भी प्रवाहित हुई। प्रथम दिन के कार्यक्रम का प्रारंभ श्रीरम जनम योगी के अखंड शंखनाद से हुआ। तत्पश्चात डा. रंजना उपाध्याय ने कथक नृत्य के माध्यम से शिव स्तुति की प्रस्तुति किया। राघवेन्द्र शर्मा ने शिव भजन से आह्लादित किया। कार्यक्रम की अंतिम प्रस्तुति भारत के प्रख्यात गायक हंसराज रघुवंशी ने महादेव के भजनों की रस वर्षा से किया। ऐसा डमरू बजाया भोले नाथ ने सारा कैलाश पर्वत महान हो गया, शिव कैलाश के वासी ...जैसी प्रसिद्ध भजनों के सराबोर कर दिया।

वाराणसी और चंदौली के पदाधिकारियों के साथ भारी संख्या में लोगों ने महोत्सव का आनंद उठाया। अतिथियों का स्वागत जिलाधिकारी वाराणसी एवं क्षेत्रीय संस्कृति अधिकारी वाराणसी क्षेत्र तथा संचालन आशुतोष पांडेय ने किया।  अपने उद्बोधन में  डा. महेंद्र नाथ पांडेय भारी उद्योग मंत्री, भारत सरकार ने भारतीय संस्कृति के उत्थान में ऐसे महोत्सव के आयोजन की महत्ता पर बल दिया। उन्‍होंने कहा कि संस्कृति की रक्षा से ही सबल राष्ट्र का निर्माण संभव है।

श्रीराम शिवोत्सव के दूसरे दिन रविवार को संगीत और भक्ति की गंगा प्रवाहित हुई। कार्यक्रम का प्रारंभ सुगम सिंह शेखावत के नृत्य शिव स्तुति से हुई, तत्पश्चात फौजदार सिंह ने वीर रस से सिक्त आल्हा से महोत्सव में समा बांधा। तत्पश्चात आजमगढ़ के सांसद दिनेश लाल यादव ने अपने गीतों से लोगों को झूमने पर बाध्य किया। कार्यक्रम की अंतिम प्रस्तुति भारत की प्रख्यात गायिका मैथिली ठाकुर की रही, अपनी सुमधुर भजनों और पारंपरिक गीतों से लोगों को सराबोर किया।

कार्यक्रम का आयोजन केंद्रीय मंत्री डा० महेंद्रनाथ पांडेय के सौजन्य से संस्कृति विभाग उत्तर प्रदेश, संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार एवं जिला प्रशासन वाराणसी के सहयोग से किया जा रहा है। वाराणसी और चंदौली के पदाधिकारियों के साथ भारी संख्या में लोगों ने महोत्सव का आनंद उठाया।

इस अवसर पर पुलिस आयुक्त अशोक मुथा जैन, जिलाधिकारी एस. राजलिंगम, मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल, बेसिक शिक्षा अधिकारी अरविंद पाठक, उपनिदेशक, पर्यटन, राजेंद्र कुमार रावत सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और जनप्रतिनिधिगण मौजूद रहे।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

5165


सबरंग