MENU

किसान नेता राकेश टिकैत ने किया बाबा विश्वनाथ धाम में दर्शन-पूजन कहा किसानों को उनका हक दिलवाकर रहूंगा



 11/Apr/24

वाराणसी। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने काशी विश्वनाथ धाम पहुंचकर बाबा विश्‍वनाथ का दर्शन-पूजन किया। देश में चुनावी रणभेरी के बीच बिहार के चौसा में आंदोलनरत किसानों से मुलाकात करने के बाद भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने गुरुवार की सुबह श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचकर बाबा का विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। इसके बाद उन्होंने बातचीत के दौरान सरकार पर निशाना साधा। किसान नेता टिकैत वाराणसी में भगवा रंग की पगड़ी पहने हुए थे। पत्रकारों द्वारा इस पर सवाल करने पर उन्होंने कहा कि यह रंग सबका है। हर समाज व संत-महात्माओं का भी है।

आगे राकेश टिकैत ने कहा कि किसानों को उनका हक दिलवाकर रहूंगा। वर्तमान सरकार इस देश के किसानों को मजदूर बनना चाहती है। बिहार को तो पूरा मजदूरों का राज्य बना दिया है। आगामी लोकसभा चुनाव में आइएनडीआइए या एनडीए गठबंधन में किसके साथ रहेंगे के सवाल पर कहा कि हम किसी के साथ नहीं हैं। जिसको जहां इच्छा है वे उसे अपना वोट दें। हमारे आंदोलन में दोनों लोग रहते हैं।

जिसकी भी सरकार किसानों की विरोधी होगी तो किसान विरोध करेंगे। वर्तमान सरकार ने फूट डालो के तहत कुछ किसानों को अलग करके आंदोलन चलाया। सरकार चाहती है कि किसानों का आंदोलन पंजाब में रहे ताकि सिख समुदाय बदनाम हो।

मुख्तार अंसारी को जहर देने के सवाल पर कहा कि जनता कभी झूठ नहीं बोलती है। आगे कहा कि चौधरी चरण सिंह को भारत सरकार ने 10 साल के बाद सम्मानित किया। उनके जूनियर को पहले सम्मानित किया गया। कहा कि जहां संगठन मजबूत नहीं होगा वहां किसानों की जमीन पर सरकार की निगाहें रहेगी और किसान लूटे जाएंगे। पूर्वांचल में संगठन मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं को जोड़ा जा रहा है।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

4022


सबरंग