भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल व जिलाध्यक्ष व एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा ने रोहनिया स्थित भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय पर आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान संयुक्त रुप से कहा कि आज हम सबके लिए बहुत ही पावन दिन है जब पुरा देश श्रीराम नवमी के पावन उत्सव को मना रहा है। साथ ही हम सब भारतीय जनता पार्टी का 46 वां स्थापना दिवस मना रहे है। भारतीय जनता पार्टी एक विचारधारा के आधार पर कार्यकर्ता आधारित व राष्ट्रीय एकता अखंडता में विश्वास करने वाली पार्टी है। भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता तन,मन, धन से राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित है। कोरोना जैसी महामारी में संगठन ही सेवा मानकर अपने प्राणों की परवाह न करते हुए जरुरतमंदो की हर संभव सेवा की। कहा कि भारतीय जनता पार्टी सर्वस्पर्शी, सर्वव्यापी और सर्वसमावेशी पार्टी है। जिन सपनों को डॉ० श्मामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय व अटल बिहारी वाजपेयी ने देखा था उस सपने को आज देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा व उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पार्टी पूर्ण कर रही है और देश की जनता को भाजपा पर अटुट विश्वास है जिसका परिणाम है कि देश के अधिकतर राज्यों में भारतीय जनता पार्टी व सहयोगी दलों की सरकारें है।
उन्होंने आगे कहा कि 1980 में स्थापित भारतीय जनता पार्टी के आज करोडों सदस्य है व भाजपा विश्व की सबसे बडी राजनीतिक पार्टी है। भारतीय जनता पार्टी इस समय अपने संगठन के संगठनात्मक चुनाव भी संपन्न करा रही है। संगठन की दृष्टि से उत्तर प्रदेश में हमारे कुल 98 जिले है जहाँ मंडल अध्यक्ष का चुनाव पहले ही संपन्न हो चुका है और अधिकतर जिलों में जिलाध्यक्षों की घोषणा हो चुकी है। प्रदेश अध्यक्ष का भी चुनाव जल्दी ही होने वाला है, उसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव होगा। उत्तर प्रदेश में संगठन की दृष्टि से लगभग 1 लाख 62 हजार बूथ है और इन बूथों पर कार्यकर्ता केंद्र व प्रदेश द्वारा निर्धारित विभिन्न कार्यक्रमों व अभियानों को पुरा करने में लगे हुए हैं। आज पूरे उत्तर प्रदेश और काशी क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं ने कार्यालय पर स्वच्छता अभियान कर कार्यालयों की सजावट की। उसके पश्चात पंडित दीनदयाल उपाध्याय व डा श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।
उक्त पत्रकार वार्ता के दौरान क्षेत्रीय महामंत्री अशोक चौरसिया व क्षेत्रीय सह मीडिया प्रभारी संतोष सोलापुरकर उपस्थित रहे।