वाराणसी 26 अप्रैल :- वक्फ सुधार जनजागरण अभियान के तहत वाराणसी जिला की कार्यशाला रोहनियां स्थित भाजपा कार्यालय पर सम्पन्न हुई। जिला कार्यशाला में बतौर मुख्य अतिथि भाजपा के प्रदेश मंत्री शंकर गिरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में वक्फ संशोधन अधिनियम के संसद में पास होने के बाद से कांग्रेस सहित तमाम विपक्षी दल देश में भ्रम फैला रहे है। इस कार्यशाला के माध्यम से हमें पूरी जानकारी के साथ लोगों के बीच जाकर भ्रम को दूर करके सत्य से अवगत कराना है। हमें समाज के अंदर बताना है कि कैसे पसमांदा समाज, पिछडे़ वर्ग, सिख, इसाई, अनुसूचित वर्ग सहित आमजनता की संपत्तियों पर भी कब्जा था। इस बिल के पास होने के बाद जिसका जो हक है उसको वह हक मिलेगा।
मंत्री शंकर गिरी ने कहा कि वक्फ संशोधन विधेयक-2025 कमजोर वर्ग व महिलाओं को आर्थिक व सामाजिक रूप से मजबूत करने में सहायक साबित होगा। यह विधेयक विरासत एवं व्यक्तिगत संपत्तियों के अधिकारों की सुरक्षा करेगा। मुस्लिम महिलाओं की आर्थिक व सामाजिक स्थिति में सुधार होगा। विपक्ष का एजेंडा नकारात्मक प्रचार से लोगो को भ्रमित करने का है, विपक्ष के हर नकारात्मक दुष्प्रचार का जवाब हमें जनता के बीच लेकर पहुंचना है। वक्फ कानूनों की आड़ में भ्रष्ट लोगों के द्वारा लोगों की संपत्तियों को अवैध तरीकें से कब्जा किया जाता था। इस प्रकार के प्रकरणों की संख्या अदालतों में भी बढ़ती रही है। यह हम सभी के साथ देश के लिए बड़ा चिन्ता का विषय था। वक्फ संपत्तियों के प्रबंधन में नीतिगत अभाव रहा है। महिलाओं की भागीदारी में कमी रही। किसी भी संपत्ति को बिना किसी तार्किक आधार के वक्फ की संपत्ति घोषित कर बड़े स्तर पर कब्जा करने का काम किया गया। वक्फ संशोधन अधिनियम से वक्फ संपत्तियों के लेखा-जोखा एवं निरीक्षण की प्रक्रिया भी प्रारम्भ होगी। वक्फ प्रबंधन में प्रशासनिक अक्षमता तथा केन्द्रीय वक्फ बोर्ड व राज्य वक्फ बोर्डो में पर्याप्त प्रतिनिधित्व ना होने के कारण समाज के कमजोर वर्ग व महिलाओं को इसका लाभ नही मिल पाया।
कार्यशाला की अध्यक्षता कर रहे भाजपा जिलाध्यक्ष एवं एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि हमें जन-जागरण के माध्यम से अलग-अलग समूहों के बीच वक्फ संशोधन अधिनियम-2025 से अल्पसंख्यक समाज के हित में होने वाले कार्यों को लेकर सम्पर्क व संवाद स्थापित करना है।
कार्यशाला को भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष यूसुफ ख़ान, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रामप्रकाश दुबे एवं जिला महामंत्री प्रवीण सिंह गौतम ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर संजय सोनकर, जयप्रकाश दूबे, सुरेंद्र पटेल, जिला उपाध्यक्ष पवन सिंह, संतोष सोलापुरकर, दिनेश मौर्य, अश्वनी पांडेय, उषा मौर्य, फौजदार शर्मा, विनोद पटेल आदि लोग उपस्थित रहे।